
पांडवेश्वर। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जीतेन्द्र तिवारी ने क्षेत्र छोड़कर बाहर चले गए लोगों से वापस अपने घर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इलाके में अब भय या असुरक्षा का कोई माहौल नहीं है और सभी लोगों को पूरी स्वतंत्रता तथा सुरक्षा के साथ रहने का अवसर मिलेगा। विधायक जितेंद्र तिवारी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग विभिन्न कारणों से डर और तनाव के माहौल में अपना घर छोड़कर चले गए हैं। उन्होंने ऐसे सभी लोगों से पुनः अपने घर लौटने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि “डरने की कोई जरूरत नहीं है। यहां खुली हवा और आजादी का माहौल बना रहेगा। सभी लोग एक साथ मिलकर शांति और सौहार्द के साथ रहेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि जो लोग अभी भी क्षेत्र से बाहर हैं, उनके परिजन और परिचित उनसे संपर्क करें और उन्हें वापस आने के लिए प्रेरित करें। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लौटने में किसी प्रकार की परेशानी या भय महसूस हो रहा है तो वह सीधे उनसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि जरूरत पड़ने पर वह स्वयं ऐसे लोगों के रहने की व्यवस्था उनके घरों में करवाएंगे। जितेंद्र तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अराजकता या भय फैलाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। विधायक की इस अपील के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। क्षेत्र के कई लोगों ने इसे सामान्य स्थिति बहाल करने और लोगों में विश्वास पैदा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
