हावड़ा में पुलिस की विशेष कार्रवाई, दो कुख्यात बदमाश गिरफ्तार

 

हावड़ा, 15 मई । अपराध पर लगाम लगाने के लिए हावड़ा सिटी पुलिस के लगातार चल रहे विशेष अभियान में फिर बड़ी सफलता मिली है। उत्तर हावड़ा से कुख्यात अपराधी आकाश सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब लिलुआ थाना पुलिस ने दो और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम रंजीत कर्मकार उर्फ लालू और राजबीर सिंह उर्फ घेंटू बताए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपित लंबे समय से जबरन जमीन कब्जाने, अवैध वसूली (तोलाबाजी) और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल थे। इलाके में उनकी पहचान तृणमूल से करीबी रखने वालों के रूप में भी बताई जाती है।

विधानसभा चुनाव के बाद कानून-व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए हावड़ा सिटी पुलिस लगातार निगरानी और विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत लिलुआ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

लगातार दो दिनों में हावड़ा के अलग-अलग इलाकों से कई कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी से आम लोगों में राहत का माहौल है। स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और अपराध से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *