अग्निमित्रा पाल के मंत्री बनने पर रानीगंज में भाजपा का जश्न, निकाली गई भव्य विजय रैली

रानीगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का उत्सव, गेरुआ अबीर और ढाक-ढोल से गूंजा इलाका

रानीगंज। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन और आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की विधायक अग्निमित्रा पाल के मंत्री पद की शपथ लेने के बाद रानीगंज सहित पूरे आसनसोल दक्षिण क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा युवा जिलाध्यक्ष अभिक मंडल के नेतृत्व मे भाजपा की ओर से एक विशाल विजय रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। विजय रैली के दौरान भाजपा समर्थक गेरुआ अबीर खेलते हुए नजर आए। पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई तथा जगह-जगह लड्डू वितरण किया गया। ढाक-ढोल और बैंड-बाजे की धुन पर भाजपा समर्थकों ने जमकर नृत्य किया और नए राजनीतिक परिवर्तन का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के एक प्रतीकात्मक अंदाज में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के प्रतीकात्मक पुतले तैयार कर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में घुमाया। कार्यकर्ताओं ने राज्य में राजनीतिक बदलाव को जनता की जीत बताते हुए भाजपा सरकार के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। विजय जुलुस को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। इस मौके पर भाजपा युवा जिलाध्यक्ष अभिक मंडल ने कहा कि क्षेत्र की आम जनता लंबे समय से परिवर्तन चाहती थी और अब वह परिवर्तन आ चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास की राजनीति में विश्वास करती है और आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में रोजगार, उद्योग और बुनियादी विकास के क्षेत्र में तेज़ी से काम होगा। उन्होंने आगे कहा, “भाजपा केवल वादों की राजनीति नहीं करती, बल्कि विकास के जरिए लोगों का विश्वास जीतती है। यह जीत केवल भाजपा की नहीं बल्कि पश्चिम बंगाल की आम जनता की जीत है। अब राज्य में युवाओं को नई दिशा और नए अवसर मिलेंगे।”भाजपा की इस विजय रैली को लेकर पूरे रानीगंज और आसनसोल दक्षिण क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है। समर्थकों का मानना है कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनता को बेहतर प्रशासन का लाभ प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *