
विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, कहा — ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत काटागोड़िया इलाके स्थित बाजोड़िया आश्रम में रविवार को सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा एक प्रेरणादायक आयोजन देखने को मिला। बाजोरिया वृद्ध आश्रम ट्रस्ट और हनुमान चालीसा संघ के संयुक्त प्रयास से यहां भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें आठ जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।इस सामूहिक विवाह समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए जामुड़िया के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी भी समारोह में पहुंचे। विधायक बनने के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक सामाजिक कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होकर उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखद और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। समारोह के दौरान पूरे आश्रम परिसर में उत्सव और खुशी का माहौल देखने को मिला। विवाह मंडप को पारंपरिक ढंग से सजाया गया था और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। परिवार के सदस्यों और उपस्थित लोगों ने नवविवाहितों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि बाजोरिया वृद्ध आश्रम ट्रस्ट और हनुमान चालीसा संघ ने समाज के लिए एक अत्यंत महान और प्रेरणादायक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि समाज में आज भी कई ऐसे परिवार हैं, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटियों की शादी कराने में असमर्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश आज भी समाज में ऐसे परिवारों को अनेक सामाजिक दबावों और सवालों का सामना करना पड़ता है। एक पिता के लिए अपनी बेटी की शादी की चिंता सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है और आर्थिक संकट की स्थिति में उसका दर्द केवल वही समझ सकता है। ऐसे में सामूहिक विवाह जैसे आयोजन जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि इस आयोजन से उन परिवारों को मदद मिली है, जो आर्थिक अभाव के कारण अपनी बेटियों का विवाह नहीं करा पा रहे थे। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए बाजोरिया वृद्ध आश्रम ट्रस्ट, हनुमान चालीसा संघ तथा भालोतिया आश्रम के संचालकों का विशेष रूप से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह विशेष खुशी और सौभाग्य की बात है कि विधायक बनने के बाद जिस पहले कार्यक्रम में वह शामिल हुए, वह एक शुभ वैवाहिक समारोह है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो ईश्वर भी चाहते हैं कि उनका विधायक कार्यकाल मंगलमय हो और वह लोगों की अधिक से अधिक सेवा कर सकें। समारोह के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार एवं आशीर्वाद प्रदान किया गया। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, सहयोग और मानवीय मूल्यों की सुंदर झलक देखने को मिली, जिसकी उपस्थित लोगों ने भरपूर सराहना की।
