*मन्नत पूरी होने पर युवक ने 2 किलोमीटर दंडवत यात्रा कर मां घागर बूढ़ी मंदिर में टेका माथा*

आसनसोल। आसनसोल में आस्था और श्रद्धा का अनोखा उदाहरण देखने को मिला। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन, शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने तथा बाराबनी विधानसभा से अरिजीत रॉय के विधायक निर्वाचित होने की मन्नत पूरी होने पर सोमू भंडारी नामक युवक ने करीब 2 किलोमीटर तक दंडवत प्रणाम करते हुए मां घागर बूढ़ी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
सोमू भंडारी ने अपनी श्रद्धा यात्रा काली पहाड़ी मोड़ से प्रारंभ की और दंडवत प्रणाम करते हुए मां घागर बूढ़ी मंदिर पहुंचे। इस दौरान रास्ते भर लोगों की भीड़ उनके साहस, श्रद्धा और विश्वास को देखने के लिए उमड़ती रही। मंदिर पहुंचकर उन्होंने मां के चरणों में माथा टेकते हुए विशेष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सोमू भंडारी ने बताया कि उन्होंने मां घागर बूढ़ी से मन्नत मांगी थी कि पश्चिम बंगाल में बदलाव आए, राज्य में सुशासन स्थापित हो, शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बनें तथा बाराबनी विधानसभा से अरिजीत रॉय विजय प्राप्त करें। अब उनकी मनोकामना पूर्ण होने पर वह मां का आभार व्यक्त करने के लिए दंडवत यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता लंबे समय से शांति, विकास और बेहतर व्यवस्था की अपेक्षा कर रही थी। मां घागर बूढ़ी की कृपा से उनकी प्रार्थना स्वीकार हुई है, इसलिए वह श्रद्धा और विश्वास के साथ मां के दरबार में धन्यवाद अर्पित करने पहुंचे हैं।
युवक की इस अनोखी श्रद्धा यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने सोमू भंडारी की अटूट आस्था, समर्पण और संकल्प की सराहना की।
