जामुड़िया के परसिया में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर निकला भव्य विजय जुलूस

शपथ ग्रहण समारोह के बाद जामुड़िया में जश्न का माहौल, गांव की गलियों में गूंजे जीत के नारे

जामुड़िया। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के संपन्न होने के बाद राज्यभर में भाजपा समर्थकों के बीच उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के परसिया इलाके में भाजपा की ओर से एक भव्य और रंगारंग विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। यह विजय जुलूस पूरे इलाके में आकर्षण का केंद्र बना रहा। गांव की सड़कों पर भाजपा समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, जयघोष और उत्साहपूर्ण नारों के साथ जीत का जश्न मनाया। जुलूस में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। छोटे बच्चों से लेकर वृद्ध तक सभी लोगों में भाजपा की जीत को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा इस अवसर पर ग्रामीणों के बीच मिठाइयों का वितरण भी किया गया। पूरे परसिया क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर भाजपा की जीत की खुशी साझा की। विजय जुलूस के दौरान भाजपा समर्थकों और आम लोगों का जोश अपने चरम पर दिखाई दिया, जिससे इलाके का राजनीतिक वातावरण पूरी तरह भाजपा के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर भाजपा मंडल चार के अध्यक्ष राहुल बाउरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की अभूतपूर्व जीत आम जनता के आशीर्वाद और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे और उम्मीद के साथ भाजपा को समर्थन दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरना पार्टी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। राहुल बाउरी ने कहा कि बड़ी जीत के साथ बड़ी जिम्मेदारियां भी आती हैं और भाजपा जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ेगी। उन्होंने विशेष रूप से जामुड़िया क्षेत्र में पेयजल समस्या को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि हर घर तक पानी पहुंचाना भाजपा की पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में विकासमूलक कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा तथा आम जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य किया जाएगा। भाजपा जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेगी। इस विजय जुलूस में भाजपा नेता गौतम कुमार राय, मंत्री मये घोष, आनंद गिरी, रबिंद्र बर्नवाल, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह, उमंग और राजनीतिक ऊर्जा का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *