
रानी बाजार में डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल का शुभारंभ, अब शहर में मिलेंगी विश्वस्तरीय आई केयर सेवाएं
बीकानेर, 7 मई। बीकानेर के स्वास्थ्य क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ी सौगात जुड़ गई, जब रानी बाजार स्थित नए अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सालय “डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस सुपर स्पेशलिटी आई हॉस्पिटल के शुरू होने से अब बीकानेर और आसपास के जिलों के मरीजों को उन्नत नेत्र चिकित्सा सेवाओं के लिए जयपुर, दिल्ली या बड़े महानगरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
अस्पताल का उद्घाटन केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर शहर के कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
करीब 6500 वर्गफीट क्षेत्र में विकसित यह अत्याधुनिक आई हॉस्पिटल आधुनिक तकनीक और मरीज-केंद्रित सुविधाओं से लैस है। यहां मोतियाबिंद सर्जरी, LASIK एवं रिफ्रेक्टिव सर्जरी, रेटिना उपचार, ग्लूकोमा मैनेजमेंट, कॉर्निया सेवाएं, ऑक्यूलोप्लास्टी तथा बाल नेत्र चिकित्सा जैसी विशेष सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह सेंटर केवल सामान्य आंखों की जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जटिल नेत्र रोगों के उपचार का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे बीकानेर संभाग के हजारों मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
राजस्थान में विस्तार की दिशा में बड़ा कदम
डॉ. अग्रवाल्स ग्रुप ऑफ आई हॉस्पिटल्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. अमर अग्रवाल ने कहा कि बीकानेर में अस्पताल का शुभारंभ राजस्थान में उनके विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि समूह का उद्देश्य लोगों को सुलभ, किफायती और विश्वस्तरीय नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
वहीं समूह की निदेशक डॉ. अथिया अग्रवाल ने कहा कि बीकानेर में आधुनिक तकनीक आधारित आई केयर सेवाएं शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह केंद्र सामान्य उपचार से लेकर जटिल सर्जरी तक के लिए विशेष रूप से विकसित किया गया है।
मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. आदिल अग्रवाल ने कहा कि राजस्थान भौगोलिक दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है और यहां बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक संभावनाएं हैं। बीकानेर सेंटर क्षेत्रीय स्तर पर नेत्र चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करेगा।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, चंपालाल गेदर, भाजपा नेता दीपक पारीक, पंकज अग्रवाल, अशोक भाटी, पिंटू राठी, सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों और मेडिकल टीम का भी परिचय कराया गया।
बीकानेर को मिलेगा बड़ा फायदा
विशेषज्ञों का मानना है कि बीकानेर में इस तरह की आधुनिक आई हॉस्पिटल सुविधा शुरू होने से न केवल मरीजों का समय और खर्च बचेगा, बल्कि गंभीर नेत्र रोगों की समय पर पहचान और उपचार भी संभव हो सकेगा। खासतौर पर बुजुर्गों, मधुमेह रोगियों और बच्चों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार बढ़ते निवेश और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के बीच यह अस्पताल बीकानेर को मेडिकल हब के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
