शिवाजी नगर वासियों को 50 साल में मिली पहली सड़क – सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने सामुदायिक भवन का भी किया लोकार्पण

22 गोदाम पुलिया के नीचे अतिक्रमण हटवाकर बनवाई सीसी सड़क, खुशी का माहौल

– सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने सामुदायिक भवन का भी किया लोकार्पण

जयपुर(आकाश शर्मा)। शिवाजी नगर में 50 वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य के पूरा होने से जनता को बड़ी राहत मिली है। 22 गोदाम पुलिया के नीचे अतिक्रमण हटवाकर पहली बार सीसी सड़क और सीवरेज लाइन का निर्माण कराया गया है। इसका लोकार्पण गुरुवार देर शाम को विधायक गोपाल शर्मा ने किया। इससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। शिवाजी नगर विकास समिति एवं स्थानीय नागरिकों ने वर्षों पुरानी समस्या के समाधान पर विधायक का सामूहिक अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। विधायक शर्मा के प्रयास से शिवाजी नगर के वर्षों पुराना इंतजार खत्म हुआ है। उन्होंने क्षेत्र से भूमाफियाओं को बेदखल करके यहां सड़क और सीवरेज लाइन बनवाई, इससे लोगों में सरकार के प्रति पर विश्वास जगा है। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, मातृशक्ति और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि दशकों की प्रतीक्षा के बाद लगभग 50 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुआ यह कार्य लोकतंत्र में जनता की जीत का प्रतीक है। यह सिविल लाइंस क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता, इच्छाशक्ति और जवाबदेही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों के विश्वास और सहयोग से ही यह कठिन कार्य संभव हो पाया है। लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण को हटाकर सड़क निर्माण करना जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे अब आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

सामुदायिक भवन को भी मिली नई सौगात
शिवाजी नगर विकास समिति के अध्यक्ष रतन मालपानी ने बताया कि विधायक शर्मा ने शिवाजी नगर सामुदायिक भवन में विधायक कोष से 15 लाख रुपए की लागत से किए गए नव निर्माण, नवीनीकरण एवं विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने भवन में नए विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष इंदु परमार, वार्ड अध्यक्ष राजकुमार अजमेरा, निवर्तमान पार्षद राजेश कुमावत, उत्तम शर्मा, मंडल महामंत्री संजय सैनी, रोहित शर्मा, मेघना कुमावत, जगदीश राजौरिया, हर्ष कौशिक, लोकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *