खड़गपुर रोड शो में अभिषेक बनर्जी का वादा—पानी और प्रदूषण समस्या होगी दूर

खड़गपुर, 21 अप्रैल । खड़गपुर में भीषण गर्मी के बीच मंगलवार दोपहर को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और सांसद जून मालिया ने रोड शो कर पार्टी उम्मीदवार प्रदीप सरकार के समर्थन में माहौल बनाया। खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस रोड शो में बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर नजर आए साथ ही स्थानीय लोगो की भी उपस्थिति रही ।

रोड शो के दौरान मालांचा स्थित प्रेम हरी भवन के सामने भीड़ को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि खड़गपुर के लोगों की सबसे बड़ी समस्या पानी है जो कि बहुत दिनों से बनी हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मदद करे या न करे, लेकिन तृणमूल कांग्रेस की सरकार अगले पांच वर्षों में हर घर तक पानी पहुंचाने का काम करेगी।

उन्होंने खड़गपुर में बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया। अभिषेक ने कहा कि कुछ कंपनियों की वजह से खड़गपुर में प्रदूषण की समस्या गंभीर हो गई है। इसके समाधान के लिए जल्द ही विशेषज्ञों की एक कमेटी बनाई जाएगी, जो स्थिति का अध्ययन कर जल्द समाधान का रास्ता निकालेगी।

इस दौरान उन्होंने भाजपा नेता दिलीप घोष पर भी कटाक्ष किया। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि खड़गपुर का “घर का बेटा” प्रदीप सरकार ने डेढ़ साल में काम करके दिखाया है, जबकि इतने वर्षों तक सांसद और विधायक रहने के बावजूद दिलीप घोष क्षेत्र के लिए कोई ठोस विकास कार्य नहीं कर सके।

उन्होंने कहा कि खड़गपुर की जनता अब विभाजन की राजनीति नहीं, बल्कि विकास चाहती है। इसलिए लोगों से अपील की कि वे मां-माटी-मानुष के उम्मीदवार प्रदीप सरकार को जोड़ाफूल चुनाव चिन्ह पर वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाएं।

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि खड़गपुर के लोगों का समर्थन और प्यार तृणमूल कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी ताकत है और पार्टी क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *