भीषण गर्मी में भी उमड़ा जनसैलाब, जे.के. नगर में अग्निमित्रा पाल के समर्थन में भाजपा का भव्य रोड शो

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह, हजारों कार्यकर्ताओं की रही भागीदारी

रानीगंज। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद रानीगंज के जे.के. नगर क्षेत्र में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल के समर्थन में आयोजित इस भव्य रोड शो में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिससे पूरे इलाके का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया। रानीगंज के जे.के. नगर में आयोजित इस रोड शो में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। उनके साथ भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल भी रथ पर सवार होकर जनता का अभिवादन करती नजर आईं। दोनों नेताओं की एक झलक पाने के लिए पुरे क्षेत्र मे सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम की शुरुआत से ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। भाजपा के झंडे, बैनर और नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यकर्ता लगातार पार्टी के पक्ष में नारे लगाते हुए लोगों से समर्थन की अपील करते रहे।

इस दौरान रोड शो एक बड़े जनसमूह में तब्दील हो गया, जिसने भाजपा की संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया। रोड शो के दौरान अग्निमित्रा पाल और रेखा गुप्ता का जगह-जगह स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने भी बड़ी संख्या में सड़क किनारे खड़े होकर इस कार्यक्रम को देखा और नेताओं का अभिवादन किया। नेताओं की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में खासा जोश और उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए रानीगंज थाना पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों को तैनात किया गया था। पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस लगातार निगरानी बनाए रखे हुए थी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस तरह का शक्ति प्रदर्शन भाजपा की रणनीति का अहम हिस्सा है, जिसके जरिए पार्टी मतदाताओं को अपने पक्ष में आकर्षित करने का प्रयास कर रही है। यह रोड शो स्पष्ट रूप से संकेत देता है कि चुनावी मुकाबला अब निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुका है और सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। अब देखना यह होगा कि इस शक्ति प्रदर्शन का असर आगामी मतदान में कितना दिखाई देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *