रानीगंज में भाजपा की ‘संकल्प सभा’, कार्यकर्ताओं ने लिया जीत का संकल्प

रानीगंज। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पार्थ घोष के समर्थन में एक महत्वपूर्ण ‘संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। सभा में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी चुनाव में विजय सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।
यह कार्यक्रम बूमबा मुखर्जी के नेतृत्व वाले संगठन एनएफआईटीयू की पहल पर आयोजित किया गया, जिसे संगठन के अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. दीपक जायसवाल के निर्देशानुसार संपन्न कराया गया। सभा का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में उत्साह भरना और चुनावी रणनीति को मजबूत करना था। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस बार राज्य में परिवर्तन आवश्यक है और भाजपा की सरकार बनाना ही उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से पार्थ घोष की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि केवल बड़ी रैलियों से नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन और सक्रियता से ही चुनाव जीता जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएं, पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाएं तथा नए मतदाताओं को जोड़ने के साथ-साथ उनका विश्वास जीतें। इसके अलावा प्रत्येक बूथ पर सशक्त टीम तैयार करने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।
सभा में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा सभास्थल गूंज उठा। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वे चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। वक्ताओं ने यह भी दावा किया कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है और जनता बदलाव चाहती है। उनके अनुसार, वर्तमान व्यवस्था से लोग निराश हैं और भाजपा एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है। इस ‘संकल्प सभा’ के आयोजन के बाद रानीगंज में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है। जहां भाजपा अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है, वहीं अन्य राजनीतिक दल भी अपनी-अपनी रणनीतियों को धार देने में लगे हुए हैं। आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियों के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *