बराकर में चैंबर ऑफ़ कॉमर्स का मतदाता जागरूकता अभियान

बराकर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बराकर चैंबर ऑफ़ कॉमर्स द्वारा एक प्रभावशाली मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत एक विशाल रैली का आयोजन किया गया, जो बराकर रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर बेगुनिया मोड़ तक निकाली गई। रैली में चैंबर के सदस्यों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से सुसज्जित तख्तियां लेकर आमजन को मतदान के प्रति प्रेरित किया।
रैली में बड़ी संख्या में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे मार्ग में लोगों को लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक किया।
चैंबर के अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल ने लोगों से निर्भीक और निष्पक्ष होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान केवल हमारा मौलिक अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी मतदाताओं से स्वयं मतदान करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “हर एक वोट लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है, इसलिए सभी जागरूक बनें, सही प्रतिनिधि चुनें और मतदान अवश्य करें।”
इस अवसर पर अर्जुन अग्रवाल, सीताराम बर्नवाल, राजू लोयलका, मयंक सुहासारिया, किरण मेहता, जगदीश माहेश्वरी, पंकज पोद्दार, राजेश अग्रवाल, किशोर साव, मिट्ठू माधव गढ़िया सहित चैंबर के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *