
लोगों के स्नेह से उत्साहित भाजपा प्रत्याशी, कहा—यह केवल चुनाव नहीं, अधिकारों की लड़ाई
आसनसोल। आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां लगातार गति पकड़ रही हैं। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए सक्रिय हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी की ओर से वार्ड संख्या 42 में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया, जिसमें पार्टी प्रत्याशी कृष्णनेदु मुखर्जी ने सक्रिय भागीदारी निभाई। भाजपा प्रत्याशी कृष्णनेदु मुखर्जी ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने केंद्र और राज्य से संबंधित पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई।जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद करने की इस पहल को व्यापक समर्थन मिला। स्थानीय नागरिकों ने खुले मन से अपनी बातें रखीं, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं में भी इस अभियान को लेकर विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। इस अवसर पर कृष्णनेदु मुखर्जी ने कहा कि लोगों का स्नेह और समर्थन पाकर वे अत्यंत भावुक और प्रेरित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह केवल एक चुनावी अभियान नहीं है, बल्कि आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है। हमारा उद्देश्य है कि हर नागरिक की आवाज सुनी जाए और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।” उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के हितों की रक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी का प्रयास है कि हर वर्ग तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचे और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए। स्थानीय लोगों ने भी इस जनसंपर्क अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार का सीधा संवाद लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। इससे जनप्रतिनिधियों को जनता की वास्तविक समस्याओं को समझने का अवसर मिलता है और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।
