
कोलकाता, 16 अप्रैल । शहर में मौसम ने अचानक करवट ली है। अलीपुर मौसम विभाग ने कोलकाता में अगले एक से दो घंटे के भीतर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। विभाग की ओर से सुबह 8:36 बजे जारी विज्ञप्ति में ऑरेंज सतर्कता घोषित की गई है। इसके तहत हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवा चलने की चेतावनी दी गई है।
गुरुवार सुबह से ही शहर के आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार स्थानीय स्तर पर बने गरज वाले बादलों की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि गुरुवार को पूरे दिन कोलकाता का आकाश आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। खासकर दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है।
उत्तर 24 परगना, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और नदिया जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका जताई गई है। वहीं अन्य जिलों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। उत्तर बंगाल के जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।
तापमान की बात करें तो गुरुवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जो सामान्य के आसपास है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। हवा में अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
