कुल्टी में BCCL के नोटिस पर बवाल: भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय पोद्दार ने फाड़े नोटिस

बातचीत से पहले कोई कार्रवाई नहीं”,प्रबंधन को सख्त चेतावनी, नोटिस वापस लेने की मांग

कुल्टी। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर स्थित बीसीसीएल सीवी एरिया-12 के मनबड़िया शिव मंदिर, नीचु धौड़ा में उस वक्त माहौल गरमा गया, जब क्वार्टर खाली कराने को लेकर प्रबंधन द्वारा लगाए गए नोटिस के खिलाफ स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
बीसीसीएल प्रबंधन ने यहां रहने वाले लोगों को महज सात दिनों के भीतर क्वार्टर खाली करने का अल्टीमेटम दिया था। जैसे ही यह खबर फैली, भाजपा विधायक प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार पोद्दार तत्काल मौके पर पहुंचे और लोगों के समर्थन में खुलकर उतर आए।
स्थिति तब और नाटकीय हो गई जब डॉ. पोद्दार ने खुद आगे बढ़कर क्वार्टरों पर लगे नोटिस को उखाड़ा और लोगों के सामने फाड़कर फेंक दिया। इस कदम से वहां मौजूद लोगों में उत्साह और समर्थन की लहर दौड़ गई।
डॉ. पोद्दार ने बीसीसीएल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बिना संवाद और समाधान के किसी भी परिवार को बेदखल करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक इस मुद्दे पर उचित बातचीत नहीं होती, तब तक किसी भी तरह की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
इसके साथ ही उन्होंने बीसीसीएल के जीएम को लिखित रूप से नोटिस वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि गरीब और श्रमिक परिवारों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है और स्थानीय लोगों ने भी एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *