आसनसोल में भाजपा का चुनावी शंखनाद, संगठन मजबूती पर मंथन

आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही भाजपा ने जमीनी स्तर पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी कड़ी में राजस्थान के खंडार विधानसभा से भाजपा विधायक जितेंद्र गोठवाल ने गुरुवार को आसनसोल जिले के सभी विधानसभा प्रवासियों के साथ एक अहम बैठक कर चुनावी रणनीति को धार दी।
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और जनसंपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर गहन मंथन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें एकजुटता, समर्पण और पूर्ण ऊर्जा के साथ चुनावी मैदान में उतरने का संदेश दिया गया।
साथ ही यह संकल्प दोहराया गया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर आम जनता से सीधा जुड़ाव मजबूत किया जाएगा। नेताओं ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, मजबूत संगठन और जनसमर्थन के बल पर भाजपा आगामी चुनाव में ऐतिहासिक जीत का परचम लहराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *