
रानीगंज। आगामी ईद पर्व के मद्देनज़र रानीगंज थाना परिसर में प्रशासन की ओर से एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना था। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न मस्जिद कमिटियों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और प्रशासन के साथ मिलकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में एसीपी सेंट्रल-टू बिमान कुमार मिर्धा, रानीगंज थाना प्रभारी अमित सिन्हा महापात्र, ट्रैफिक प्रभारी सतीनाथ शील, रानीगंज बोरो चेयरमैन मुज्जमिल साहज़ादा, तृणमूल कांग्रेस के रानीगंज शहर अध्यक्ष रंजीत सिंह, पार्षद अख्तरी खातून, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रोहित खेतान, सचिव अरुणमोई कुंडू तथा रानीगंज थाना नागरिक कमेटी के सदस्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसीपी बिमान कुमार मिर्धा ने कहा कि ईद प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक पर्व है, जिसे रानीगंज में हर वर्ष बड़े उत्साह और एकता के साथ मनाया जाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार भी प्रशासन और आम जनता के सहयोग से त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा। बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से ही सुनिश्चित की जा रही हैं। वही साथ ही, अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि ईद का पर्व भाईचारे और खुशी के माहौल में मनाया जा सके। रानीगंज पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से इस दिशा में सक्रिय हैं और हर साल की तरह इस बार भी ईद को सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य तरीके से मनाने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।
