बंगाल की सभी सीटों पर टीएमसी के उम्मीदवार घोषित, भवानीपुर से चुनाव लड़ेंगी ममता बनर्जी

कोलकाता, 17 मार्च । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस बार 52 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जिसमें युवा तथा अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बार भी इसी सीट से चुनाव लड़ेंगी। ममता बनर्जी ने घोषणा की कि दार्जिलिंग क्षेत्र की तीन सीटों पर तृणमूल चुनाव नहीं लड़ेगी।
पार्टी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कालीघाट स्थित अपने आवास से 294 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।ममता बनर्जी ने कहा कि जिन नेताओं को इस बार टिकट नहीं दिया गया है, उन्हें पार्टी संगठन में अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि तृणमूल पहले से अधिक सीटें जीतेगी, क्योंकि पार्टी साल के 365 दिन जनता के बीच रहती है। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों को लाकर राज्य की राजनीति को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बंगाल की अस्मिता की लड़ाई है और जनता इसका जवाब देगी।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2021 के चुनाव में नंदीग्राम से प्रतिद्वंद्विता की थी और शुभेंदु अधिकारी से हार गई थीं। इस बार वहां से पवित्र कर को उम्मीदवार बनाया गया है, जो आज ही भाजपा छोड़ कर टीएमसी में शामिल हुए हैं। इस सीट पर कड़ा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है। पवित्र वहां के मौजूदा विधायक और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के बेहद खास माने जाते हैं।
कोलकाता बंदरगाह से फिरहाद हकीम, बिधाननगर से सुजीत बोस और रासबिहारी से देवाशीष कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है। कमरहाटी से मदन मित्र को दोबारा टिकट दिया गया है, जबकि बेलेघाटा से पहली बार कुणाल घोष को उम्मीदवार बनाया गया है। उत्तर दमदम से पूर्व पत्रकार देवदीप पुरोहित को टिकट दिया गया है। हाबरा से ज्योतिप्रिय मल्लिक को फिर मौका मिला है, जबकि बड़त्रा से जीवनकृष्ण साहा को इस बार टिकट नहीं दिया गया। दोनों शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार और राशन घोटाले में आरोपित थे। हालांकि मलिक को फिर से मौका मिला है।
2018 एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता एथलीट स्वप्ना बर्मन को भी उम्मीदवार बनाया गया है। वह जलपाईगुड़ी क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी। इसके अलावा पूर्व पुलिस अधिकारी प्रसून बनर्जी को चांचल से उम्मीदवार बनाया गया है। पूर्व क्रिकेटर और मंत्री मनोज तिवारी को इस बार टिकट नहीं मिला है। अभिनेता और विधायक सोहम चक्रवर्ती की सीट बदलकर उन्हें करीमपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।
बेहाला पश्चिम और महेशतला में भाई-बहन रत्ना चट्टोपाध्याय और शुभाशीष दास को उम्मीदवार बनाया गया है। मंत्री बेचाराम मन्ना और उनकी पत्नी करबी मान्ना को भी टिकट मिला है। कल्याण बनर्जी के पुत्र शीर्षान्न बनर्जी को उत्तरपाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है।
उत्तर बंगाल की कई सीटों पर भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। अलीपुरद्वार से सुमन कंजीलाल, फालाकाटा से सुभाष राय, धूपगुड़ी से निर्मल राय, जलपाईगुड़ी से कृष्ण दास और राजगंज से स्वप्ना बर्मन को उम्मीदवार बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *