स्वास्थ्य केंद्र में ताला देख भड़की विधायक अग्निमित्रा पॉल, राज्य सरकार को घेरा; पंचायत उप-प्रधान ने किया पलटवार

आसनसोल। आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने गुरुवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के दौरान नूपुर स्थित एक स्वास्थ्य केंद्र बंद मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। दोपहर करीब 12:40 बजे जब वह स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं, तो वहां ताला लगा हुआ पाया गया। इस पर उन्होंने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए।विधायक ने कहा कि 12 मार्च को न तो कोई राष्ट्रीय अवकाश है और न ही कोई प्रादेशिक अवकाश, ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र का बंद रहना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक मामला है। उन्होंने कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अक्सर दावा करती हैं कि पश्चिम बंगाल हर क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है, लेकिन अगर स्वास्थ्य सेवाओं की यही स्थिति है, तो यह सरकार के दावों पर सवाल खड़ा करता है। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि गुरुवार जैसे सामान्य कार्यदिवस पर यदि स्वास्थ्य केंद्र बंद रहेगा, तो क्षेत्र के आम लोगों, विशेषकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को इलाज के लिए कहां जाना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर नहीं है और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस दौरान विधायक ने आगामी विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यदि भविष्य में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है, तो राज्य के साथ-साथ आसनसोल क्षेत्र में भी स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने पर स्वास्थ्य केंद्रों को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं इस मामले में स्थानीय पंचायत के उप-प्रधान सिदान मंडल ने विधायक के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अग्निमित्रा पॉल को विधायक बने चार वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन इतने लंबे समय तक उन्हें इस क्षेत्र में आने का समय नहीं मिला। अब जब चुनाव नजदीक हैं, तो वह केवल राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए इस प्रकार के मुद्दे उठा रही हैं। सिदान मंडल ने स्पष्ट किया कि गुरुवार को नूपुर स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा सेवाएं एक स्थानीय क्लब में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से प्रदान की जा रही थीं। इसी कारण स्वास्थ्य केंद्र भवन पर ताला लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र नियमित रूप से खुलता है और सप्ताह में केवल रविवार के दिन बंद रहता है। उन्होंने कहा कि यहां प्रतिदिन चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहते हैं और स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाती हैं। उन्होंने विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही हैं, जबकि इलाके के लोग वास्तविक स्थिति से भली-भांति परिचित हैं। इस घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर से सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *