जामुड़िया के चुरुलिया में खुले खदान को लेकर बवाल, तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ और पथराव, कई घायल

जामुड़िया । जामुड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत चुरुलिया इलाके में स्थित एक ओपन कास्ट माइन को लेकर गुरुवार को अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उग्र भीड़ चुरुलिया मोड़ स्थित तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय तक पहुंच गई और वहां जमकर तोड़फोड़ व पथराव किया। इस घटना में कई तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए, जबकि आसपास खड़ी कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुरुलिया क्षेत्र में स्थित ओपन कास्ट खदान को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान स्थानीय फकीर पाड़ा के कुछ उपद्रवियों ने पहले खदान के संचालन को जबरन बंद करा दिया। इसके बाद भीड़ और अधिक उग्र हो गई और विरोध प्रदर्शन करते हुए चुरुलिया हाटतला पहुंच गई। हाटतला में स्थित तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय को देखते ही उग्र भीड़ ने कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। हमलावरों ने कार्यालय के भीतर मौजूद फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया तथा पार्टी के झंडे भी उखाड़ फेंके। इसके साथ ही कार्यालय परिसर में जमकर ईंट-पत्थर चलाए गए, जिससे वहां मौजूद कई तृणमूल कार्यकर्ता घायल हो गए। इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस की आंचलिक कमेटी के उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने गहरी हैरानी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अचानक इस तरह पार्टी कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ करना और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल को जानबूझकर बिगाड़ने की कोशिश की है। घटना के दौरान पार्टी कार्यालय के बाहर खड़ी कई मोटरसाइकिलों और चारपहिया वाहनों को भी प्रदर्शनकारियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी बीच जब खदान के साइट इंचार्ज विकास दत्त वहां से गुजर रहे थे, तो उग्र भीड़ ने उन्हें भी निशाना बना लिया। प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और उनके साथ भी मारपीट की। वही घटना की सूचना मिलते ही चुरुलिया आउटपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि उस समय भीड़ की संख्या काफी अधिक होने के कारण पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को काबू में किया गया। घटना में घायल तृणमूल कांग्रेस के क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *