
कुल्टी ।राष्ट्रीय मोदी बरनवाल विकास संघ की कुल्टी इकाई द्वारा कुल्टी क्लब प्रांगण में वार्षिक होली मिलन समारोह हर्षोल्लास, उत्साह और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य व्यक्तियों, पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि विशिष्ट समाजसेवी एवं कुल्टी मदद फाउंडेशन के संस्थापक रवि शंकर चौबे तथा आसनसोल नगर निगम के 71 नंबर वार्ड की पार्षद सह बोरों चेयरमैन शताब्दी भंडारी द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया । उद्घाटन के पश्चात अतिथियों को मोदी समाज द्वारा मोमेंटो , पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सम्मानित अतिथियों के रूप में दुर्गापुर से कपिलदेव वर्णवाल, उखड़ा से सीताराम बरनवाल, नियामतपुर से मनोज बरनवाल तथा यूको बैंक कुल्टी शाखा के महाप्रबंधक नवीन बरनवाल , विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने समाज की एकता, शिक्षा एवं संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट किया। तत्पश्चात स्वागत गान के साथ आदिपुरुष महाराजा अहिबरण जी को पुष्पांजलि अर्पित कर समाज की समृद्ध परंपरा को नमन किया गया।
इसके उपरांत कुल्टी समाज के सम्मानित बुजुर्गों को मंच पर आमंत्रित कर शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। विभिन्न स्थानों से पधारे अतिथियों को भी संघ की ओर से सम्मानित किया गया। मंच से समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार और युवाओं के मार्गदर्शन पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम के सुपुत्र लव-कुश की कथा पर आधारित भावपूर्ण नृत्य-नाटिका रही, जिसका सफल संचालन प्रतिभाशाली छात्राएं काजल मोदी एवं ज्योति मोदी ने किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। इसके अतिरिक्त अन्य बाल कलाकारों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
मंच संचालन का दायित्व शनि मोदी ने कुशलता पूर्वक निभाया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मोदी बरनवाल विकास संघ के विकास कार्यों में विशिष्ट योगदान हेतु राष्ट्रीय महासचिव प्रेमलाल वर्णवाल, राष्ट्रीय सचिव महेंद्र मोदी, कुल्टी इकाई उपाध्यक्ष दिलीप लाल बरनवाल, सचिव रबी मोदी, कोषाध्यक्ष रघु मोदी एवं संगठन मंत्री राजू मोदी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय सचिव महेंद्र मोदी ने पारिवारिक जीवन में संवाद, संस्कार और सामंजस्य की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी से यह संकल्प दिलाया कि परिवार में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर पहले घर एवं समाज स्तर पर समाधान का प्रयास किया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय महासचिव प्रेमलाल वर्णवाल ने वर्ष 2027 में धर्मशाला निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कर कम से कम एक सभागार (हॉल) के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने अबीर-गुलाल एवं पुष्पों के साथ पारंपरिक होली खेली। सामूहिक नृत्य, हंसी-खुशी और स्वादिष्ट भोजन के साथ समारोह का आनंद लिया गया।
अंत में राष्ट्रीय मोदी बरनवाल विकास संघ, कुल्टी इकाई की ओर से उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, समाज के वरिष्ठजनों, माताओं, बहनों एवं युवाओं के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार समाज को एकजुट रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।

