ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय में 80 नियुक्ति पत्रों का वितरण, निदेशक (मानव संसाधन) की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ समारोह

ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के साकतोड़िया स्थित मुख्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह में नेशनल कोल वेज एग्रीमेंट के अंतर्गत डिपेंडेंट एम्प्लॉयमेंट स्कीम के तहत 80 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। यह वितरण कार्यक्रम ईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री गुंजन कुमार सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। ईसीएल निदेशक (मानव संसाधन) श्री सिन्हा ने नव-नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं और कहा कि यह ईसीएल परिवार के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि आज 80 नए सदस्य संगठन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईसीएल केवल एक कंपनी नहीं, बल्कि एक विस्तृत परिवार है, जहाँ प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।


उन्होंने नव-नियुक्त कर्मचारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे संगठन तथा राष्ट्र के प्रति ईमानदारी, समर्पण और सेवा-भाव के मूल्यों को आत्मसात करें। साथ ही उन्होंने कंपनी की प्रगति और उत्पादन क्षमता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर एचओडी (एम्प्लॉयमेंट) श्री दिव्यज्योति साहा, एचओडी (वेज बोर्ड एवं एस्टैब्लिशमेंट) श्री नजरूल इस्लाम, विभिन्न क्षेत्रों के प्रबंधक (मानव संसाधन) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के परिजन भी बड़ी संख्या में मौजूद थे, जिनके चेहरों पर प्रसन्नता स्पष्ट रूप से झलक रही थी।वही
कार्यक्रम का समापन नव-नियुक्त कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *