होली से पहले रिषड़ा में श्याम भक्ति का सैलाब, भव्य श्याम बसंत यात्रा से शहर सराबोर

हुगली, 01 मार्च । होली से पूर्व रिषड़ा शहर श्याम भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। रिषड़ा नगरपालिका के 18 नंबर वार्ड अंतर्गत लालकोठी इलाके स्थित कालेश्वर नाथ मंदिर से रविवार अपराह्न भव्य श्याम बसंत यात्रा निकाली गई।

इस धार्मिक शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें महिलाओं, युवाओं और युवतियों की विशेष सहभागिता रही।
“श्याम संग होली खेलूं रे” सहित विभिन्न श्याम भक्ति गीतों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। होली के आगमन से पूर्व आयोजित इस बसंत यात्रा ने श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। विशाल निशान शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु हाथों में निशान और ध्वज लेकर भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा रिषड़ा श्याम रंग में रंगा दिखाई दिया।
यात्रा की शुरुआत कालेश्वर नाथ मंदिर परिसर में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालु लालकोठी से प्रभाष नगर होते हुए श्रीकृष्ण नगर पहुंचे और वहां से पदयात्रा करते हुए पुनः मंदिर परिसर लौटे, जहां बसंत उत्सव का विधिवत समापन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण भी किया गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने फाग खेली और अबीर-गुलाल उड़ाकर होली का उल्लास मनाया। “श्याम नाम” के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के लिए जलपान और प्रसाद की व्यवस्था की।
इस बसंत उत्सव में भृगुनाथ मिश्रा, पार्षद एवं श्याम भक्त सुख सागर मिश्रा, सुरेश तिवारी, मोहन मिश्रा, मधु गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

आयोजकों के अनुसार, श्याम भक्तों की यह पारंपरिक बसंत यात्रा हर वर्ष होली से पूर्व निकाली जाती है, जिसका उद्देश्य भक्ति, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का संदेश फैलाना है।
इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि पूरे रिषड़ा शहर को उत्सवमय वातावरण में सराबोर कर दिया।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *