सिलीगुड़ी से ‘परिवर्तन यात्रा’ की शुरुआत, बंगाल में विकासोन्मुख सरकार की जरूरत : नितिन नवीन

कोलकाता, 01 मार्च । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित रासमेला मैदान से रविववार काे ‘परिवर्तन यात्रा’ का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनमानस का उत्साह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि पश्चिम बंगाल की जनता अब सकारात्मक बदलाव चाहती है और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक विकासोन्मुख सरकार की अपेक्षा कर रही है।

नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य की जनता ऐसी सरकार चाहती है जो केवल वादों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करे और लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाए। उन्होंने दावा किया कि ‘परिवर्तन यात्रा’ को मिल रहा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि बंगाल में राजनीतिक बदलाव की मजबूत इच्छा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह यात्रा राज्य के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेगी और लोगों के बीच जाकर पार्टी की नीतियों तथा विकास के एजेंडे को रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है, जबकि भाजपा विकास, पारदर्शिता और सुशासन के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है।

उल्लेखनीय है कि, भाजपा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर रही है और ‘परिवर्तन यात्रा’ को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
पार्टी का कहना है कि वह पश्चिम बंगाल में एक ऐसी सरकार देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो राज्य के सर्वांगीण विकास और जनता के कल्याण के लिए समर्पित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *