
जामुड़िया। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार की शाम जामुड़िया थाना के केंदा पुलिस फाड़ी प्रांगण में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की। इस बैठक में केंदा फाड़ी प्रभारी मदन मोहन दत्ता, एसआई तापस कुमार घोष, एसआई गौतम कर्मकार सहित पंचायत समिति सदस्य उदीप सिंह, जगन्नाथ सेठ, महेश पासवान, आदित्य लाहा, संदीप सिन्हा, बीजू बनर्जी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। वही बैठक को संबोधित करते हुए केंदा फाड़ी प्रभारी मदन मोहन दत्ता ने कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का पर्व है। इसे सभी समुदायों को मिल-जुलकर शांति एवं अनुशासन के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि होली के दिन किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने, हुड़दंग करने या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शराब पीकर उत्पात मचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने दुकानदारों को भी आगाह किया कि होली के दिन यदि कोई अवैध रूप से शराब की बिक्री करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती दल लगातार निगरानी रखेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी आम लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सभी ने मिलकर होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।
