केंद्रीय बलों की तैनाती से पहले ही पुलिस की गश्त तेज, सिंगुर के गांवों में मतदाताओं का बढ़ाया जा रहा मनोबल

 

हुगली, 27 फ़रवरी । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद शुरू हो गई है। केंद्रीय बलों की तैनाती से पहले ही राज्य पुलिस ने ग्रामीण इलाकों में गश्त तेज कर दी है। मतदाताओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से सिंगुर के गांव-गांव में पुलिस टहलकदमी कर रही है।
चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक, राज्य में दो चरणों में कुल 480 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनाती की जाएगी। एक मार्च से केंद्रीय बलों की गश्त शुरू होगी। उससे पहले ही पुलिस ने इलाके में सक्रियता बढ़ा दी है।
हुगली ग्रामीण पुलिस के अंतर्गत सिंगुर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी (आईसी) प्रदीप दां के नेतृत्व में सिंगुर-1 ग्राम पंचायत के अपूर्वपुर इलाके में पुलिस ने गश्त की। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश दिया।
पुलिस ने ग्रामीणों से यह भी पूछा कि चुनाव के दिन किसी तरह की अशांति की आशंका तो नहीं है और वे बिना किसी डर के मतदान कर पाएंगे या नहीं। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि डरने की कोई जरूरत नहीं है और किसी भी तरह की धमकी या परेशानी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए।
ग्रामीणों ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने उन्हें कहा है कि अगर कोई डराने-धमकाने की कोशिश करे तो सीधे फोन कर जानकारी दें। इसके लिए पुलिस ने संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए हैं।
पुलिस का कहना है कि आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए पहले से ही इलाके में विश्वास बहाली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि मतदाता बिना भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *