
अंडाल। झारखंड के गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना अंतर्गत आजादनगर इलाके में चुनाव के दौरान हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे आरोपी शिवम श्रीवास्तव को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि चुनावी माहौल के बीच हुई इस फायरिंग की घटना के बाद से आरोपी फरार था। गिरिडीह पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट (अंडाल एयरपोर्ट) परिसर से भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही गिरिडीह पुलिस ने अंडाल थाना पुलिस से संपर्क किया। दोनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट परिसर में घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा। फिलहाल गिरिडीह और अंडाल पुलिस आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर रही है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोपी को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए गिरिडीह लाया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
