अंतरंग वीडियो वायरल करने के आरोप के बाद 23 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, आरोपित प्रेमी फरार

बांकुड़ा, 22 फ़रवरी । जिले के पात्रसायर थाना इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंध टूटने के बाद कथित तौर पर अंतरंग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने से आहत होकर 23 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस आरोपित युवक की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात पात्रसायर थाना क्षेत्र में युवती का शव उसके घर से बरामद किया गया।

परिवार का दावा है कि युवती ने आत्महत्या की है। रविवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए विष्णुपुर जिला अस्पताल भेज दिया। इस मामले में मृत युवती के परिवार ने आरोपित युवक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है।

परिवार के अनुसार, करीब तीन महीने पहले युवती की पहचान सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से हुई थी। युवती ने इस बारे में अपने परिवार को भी बताया था। उसने कहा था कि उसे इंदस थाना इलाके का रहने वाला एक युवक पसंद है, जो खुद को सेना का जवान बताता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपित प्रेमी ने फर्जी नाम और पहचान के सहारे युवती से संपर्क बनाया और शादी का झांसा देकर उसे बर्दवान बुलाया। वहां एक होटल में आरोपित ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उनके अंतरंग पलों का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
परिवार का दावा है कि बाद में आरोपित युवक ने उसी वीडियो के जरिए युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवती के उसकी बात न मानने पर आरोपित ने शनिवार शाम वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसी अपमान और मानसिक दबाव के चलते युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
मृत युवती के परिजनों ने आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपित की तलाश की जा रही है।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *