
खड़गपुर, 20 फरवरी । होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए (दक्षिण पूर्व रेलवे) ने चेन्नई–संतरागाछी मार्ग पर विशेष रेलगाड़ियों के संचालन की घोषणा की है। इन होली विशेष रेलगाड़ियों से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
शुक्रवार दोपहर 12 बजे रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, रेल संख्या 06077 चेन्नई एग्मोर–संतरागाछी होली विशेष 28 फरवरी से 14 मार्च 2026 तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह रेलगाड़ी चेन्नई एगमोर रेलवे स्टेशन से रात 10:45 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन सुबह 7:05 बजे संतरागाछी जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी दिशा में रेल संख्या 06078 संतरागाछी–एमजीआर चेन्नई सेंट्रल होली विशेष दो मार्च से 16 मार्च 2026 तक प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी। यह रेलगाड़ी सुबह 9:00 बजे संतरागाछी से रवाना होकर अगले दिन शाम 4:45 बजे एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकार क्षेत्र में इन विशेष रेलगाड़ियों का ठहराव खड़गपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन तथा बालेश्वर रेलवे स्टेशन पर निर्धारित किया गया है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अग्रिम आरक्षण कर अपनी यात्रा की योजना बनाएं और होली के दौरान चलाई जा रही इन विशेष रेलगाड़ियों का लाभ उठाएं।
