कामारकुंडू स्टेशन पर रेलवन ऐप को लेकर जागरूकता अभियान, यात्रियों को दी गई डिजिटल सेवाओं की जानकारी

हुगली, 20 फ़रवरी । पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल ने गुरुवार को कामारकुंडू रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को रेलवन ऐप डाउनलोड करने और रेलवे की डिजिटल टिकटिंग व अन्य ऑनलाइन सेवाओं के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना था।

हावड़ा मंडल के अधिकारियों ने यात्रियों को बताया कि एक मार्च 2026 से यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप बंद किया जा रहा है। ऐसे में यात्रियों को बिना किसी परेशानी के टिकट बुकिंग, रियल-टाइम ट्रेन जानकारी और अन्य रेलवे सेवाओं के लिए रेलवन ऐप अपनाने की सलाह दी गई। रेलवन ऐप के माध्यम से एक ही प्लेटफॉर्म पर कई रेलवे सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अभियान के दौरान यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने की प्रक्रिया, टिकट बुकिंग और अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से समझाया गया। बड़ी संख्या में यात्रियों ने अभियान में हिस्सा लिया और डिजिटल रेलवे की दिशा में उठाए गए इस कदम की सराहना की।

हावड़ा मंडल की ओर से गुरुवार रात सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को स्मार्ट और डिजिटल यात्रा अनुभव प्रदान करना है, ताकि रेलवे सेवाएं और अधिक सरल, तेज और पारदर्शी बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *