
कोलकाता, 20 फ़रवरी ।श्रीरामपुर के विधायक और पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य भर्ती बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सुदीप्तो राय ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के माध्यम से कुल 7,423 चयनित अभ्यर्थियों की पैनल सूची प्रकाशित कर दी गई है और पूरी भर्ती प्रक्रिया महज छह महीनों में संपन्न हुई है।
डॉ. राय के अनुसार, बीते कुछ महीनों में जिन पदों की पैनल सूची जारी की गई है, उनमें जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर (जीडीएमओ) के 1,132 पद, असिस्टेंट प्रोफेसर के 416 पद और स्टाफ नर्स ग्रेड-2 (बीएससी) के 2,611 पद शामिल हैं। इसके अलावा जीएनएम नर्सिंग में कुल 3,264 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिनमें 2,831 महिलाएं और 433 पुरुष शामिल हैं।
उन्होंने आगे बताया कि फार्मासिस्ट के 350 पदों और मेडिकल टेक्नोलॉजिस्ट के 807 पदों पर भर्ती प्रक्रिया अगले बुधवार तक पूरी कर ली जाएगी।
डॉ. सुदीप्तो राय ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आशा जताई कि चयनित अभ्यर्थियों की निष्ठा, परिश्रम और समर्पण से पश्चिम बंगाल की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली और सुदृढ़ होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रगति राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सक्षम नेतृत्व में संभव हुई है।
