भाजपा कार्यालय में पुस्तक विमोचन कार्यक्रम, कई प्रमुख हस्तियां पार्टी में शामिल

 

कोलकाता, 17 फरवरी । कोलकाता स्थित राज्य भाजपा मुख्यालय में आयोजित पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में राज्य अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, पूर्व सांसद एवं महासचिव लॉकेट चटर्जी तथा विधायक एवं मुख्य सचेतक डॉ. शंकर घोष उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अधिकारी और शमिक भट्टाचार्य ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यक्तित्वों का पार्टी में स्वागत किया।

प्रमुख रूप से दीपांजन चक्रवर्ती ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वे आर.जी. कर प्रकरण सहित कई जनआंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। बताया गया कि वे पूर्व में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड से जुड़े रहे हैं और अंडरकवर एजेंट के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

‘कौन बनेगा करोड़पति 2025’ के विजेता बिप्लब विश्वास ने भी पार्टी की सदस्यता ली। सेवानिवृत्त केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल अधिकारी (उप पुलिस अधीक्षक स्तर) के रूप में उन्होंने माओवादी और आतंकी उग्रवाद के विरुद्ध अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इसके अतिरिक्त, वाम सरकार में मंत्री रहे दिवंगत क्षिती गोस्वामी की पुत्री एवं अधिवक्ता कस्तूरी गोस्वामी ने भी भाजपा का दामन थामा। लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे डॉ. अक्षय बिंजराजका ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर आधारित पुस्तक ‘अंधारारे कोतो कथा’ का भी विमोचन किया। पार्टी नेताओं का कहना है कि पुस्तक में राज्य में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, राजनीतिक हिंसा और प्रशासनिक विफलताओं से संबंधित घटनाओं का संकलन किया गया है। उनका दावा है कि इसका उद्देश्य जनता के समक्ष राज्य की वर्तमान स्थिति से जुड़े तथ्यों को प्रस्तुत करना है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी राज्य में सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है तथा नए सदस्यों के अनुभव और समर्पण से पश्चिम बंगाल में सकारात्मक राजनीतिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *