
जामुड़िया। जामुड़िया के चिचुड़िया गांव में जय मां दलदली काली पूजा के उपलक्ष्य में इस वर्ष छह दिवसीय सांस्कृतिक अनुष्ठान और भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। लगभग 150 वर्ष पुरानी इस पारंपरिक पूजा को इस बार और भी आकर्षक रूप दिया गया है, जिससे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है।
मेला परिसर में प्रतिदिन संध्या समय भारी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंच रहे हैं। बड़े-बड़े झूले, खान-पान की विविध दुकानें, बच्चों के लिए आकर्षक खिलौने और सजावटी वस्तुएं लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी परिवारों के साथ लोग मेले का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।
चिचुड़िया दलदली मां काली मेला कमेटी के अमित चक्रवर्ती ने बताया कि रविवार शाम को विधिवत रूप से मेले का उद्घाटन किया गया। सोमवार को मां दलदली काली की विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्यामा संगीत एवं भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
उन्होंने बताया कि मंगलवार की शाम विशेष संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोकप्रिय टीवी रियलिटी शो सा रे गा मा पा से ख्यातिप्राप्त गायक दीप चटर्जी मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा बुधवार को लोकगीत कार्यक्रम, गुरुवार को पारंपरिक कविगान और शुक्रवार को प्रसिद्ध यात्रा नाट्य “आजकेर अभिमन्यु” (आज का अभिमन्यु) का मंचन किया जाएगा। शुक्रवार को ही छह दिवसीय इस मेले का समापन होगा।
मेला कमेटी के अनुसार, मां दलदली काली की पूजा की परंपरा करीब डेढ़ शताब्दी पुरानी है। पहले यहां केवल पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण का आयोजन होता था, लेकिन इस वर्ष पहली बार पूजा के साथ-साथ भव्य मेले का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में उत्साह और भी बढ़ गया है।
पूजा और मेले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। चिचुड़िया गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मां दलदली काली के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठा रहे हैं। आयोजन समिति ने सुरक्षा और व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए हैं, ताकि सभी लोग सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से मेले का आनंद ले
