
कोलकाता। ममता बनर्जी की महत्वाकांक्षी ‘युवा साथी’ (जुबो साथी) परियोजना का शुभारंभ रविवार को जोड़ासाकू विधानसभा क्षेत्र में हुआ। पहले ही दिन बड़ी संख्या में युवक-युवतियां सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए शिविर स्थल पर पहुंचे। युवाओं में योजना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
जोड़ासाकू के विधायक विवेक गुप्ता ने बताया कि ‘युवा साथी’ परियोजना का उद्देश्य राज्य के 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पश्चिम बंगाल के निवासी और कम से कम माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण बेरोजगार युवा पंजीकरण करा सकते हैं। युवाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता अगले पांच वर्षों तक दी जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने भविष्य की दिशा तय कर सकें।

विधायक ने स्पष्ट किया कि जो महिलाएं पहले से राज्य सरकार की ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना का लाभ ले रही हैं, वे ‘जुबो साथी’ योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगी। हालांकि जिन महिलाओं का नाम अब तक ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना में शामिल नहीं हुआ है, वे इस शिविर में आकर आवेदन कर सकती हैं। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री की एक और जनकल्याणकारी पहल बताते हुए कहा कि इसका लाभ बड़ी संख्या में युवाओं को मिलेगा। यह शिविर 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा, ताकि जोड़ासाकू विधानसभा क्षेत्र के अधिक से अधिक बेरोजगार युवा इसका लाभ उठा सकें।
तारा सुंदरी पार्क में आयोजित इस शिविर में पहले ही दिन भारी भीड़ देखी गई। आवेदन फॉर्म का वितरण और जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। युवाओं से आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक और रंगीन फोटो जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पहल से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
