
मुर्शिदाबाद, 10 फ़रवरी ।मुर्शिदाबाद के लालगोला थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में निलंबित विधायक और जनता उन्नयन पार्टी के चेयरमैन हुमायूं कबीर की बेटी के ससुराल की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े आरोपों के आधार पर बेटी के ससुर शरीफुल इस्लाम की लगभग 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों को जब्त किए जाने की कार्रवाई सोमवार से शुरू हुई, जिसे लेकर जिले में तीखी राजनीतिक बहस छिड़ गई है।
पुलिस का दावा है कि वर्ष 2025 में शरीफुल इस्लाम के घर से लगभग 500 मीटर दूर उनके एक रिश्तेदार जियाउर रहमान को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के पास से करीब 500 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई थी। इसके बाद जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर जानकारी मिली कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी में शरीफुल इस्लाम भी शामिल हैं और इसी अवैध कमाई से उन्होंने करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई है।
इसी आधार पर लालगोला थाना पुलिस ने एक जनवरी को संबंधित प्राधिकरण के समक्ष शरीफुल इस्लाम की अवैध आय से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने का आवेदन किया था। अनुमति मिलने के बाद सोमवार से जब्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नलडहरी सहित लालगोला के कई इलाकों में शरीफुल इस्लाम के नाम पर दर्ज जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों की पहचान कर उन्हें ‘फ्रीज’ करने की कार्रवाई की जा रही है। सूची में कई भूखंडों के साथ-साथ घर, कार्यालय और यहां तक कि बैंक को किराए पर दी गई एक संपत्ति भी शामिल है। कुल 17 संपत्तियों के जब्त होने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं इस पूरे मामले को लेकर हुमायूं कबीर ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जियाउर रहमान नामक व्यक्ति का उनके बेटी के ससुर से कोई सीधा संबंध नहीं है, वह केवल दूर का रिश्तेदार है। हुमायूं कबीर का दावा है कि 22 दिसंबर को नई राजनीतिक पार्टी गठित करने के बाद जानबूझकर उनके परिवार, बेटी के ससुर, बेटी और दामाद को बदनाम करने के उद्देश्य से यह मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस पर प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया।
निलंबित विधायक ने यह भी कहा कि उनके बेटी के ससुर का ईंट-भट्ठा, समारोह भवन, जमीन खरीद-बिक्री सहित कई वैध व्यवसाय हैं, जिनसे उन्हें करोड़ों रुपये की आय होती है और वे नियमित रूप से आयकर भी चुकाते हैं। इससे जुड़े सभी दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को उन्होंने सम्मान हानि बताते हुए कहा कि वे इसके खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
