रानीगंज में पीने के पानी की बदहाल स्थिति पर डॉ. बिजन मुखर्जी ने जताई चिंता, कहा—दूषित पानी पीने को मजबूर लोग, यह बेहद दुर्भाग्यजनक

रानीगंज। रानीगंज के विशिष्ट चिकित्सक एवं पिछले विधानसभा चुनाव में रानीगंज से भाजपा प्रत्याशी रहे डॉ. बिजन मुखर्जी आज खास काजोड़ा क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इलाके में पीने के पानी की गंभीर समस्या को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। डॉ. मुखर्जी ने कहा कि आज़ादी के इतने वर्षों बाद भी अगर लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, तो यह बेहद दुर्भाग्यजनक स्थिति है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई हिस्सों में ट्यूबवेल और कुएं पूरी तरह से टूट चुके हैं, जिसके कारण स्थानीय लोगों के पास दूषित पानी पीने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दूषित पानी के सेवन से कई तरह की गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं, जो खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं। बावजूद इसके, यहां के लोग मजबूरी में वही पानी पीने को विवश हैं। डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि स्वच्छ पेयजल हर नागरिक का मौलिक अधिकार है, लेकिन आज स्थिति यह हो गई है कि बंगाल के एक बड़े हिस्से में लोगों को पीने का साफ़ पानी तक उपलब्ध नहीं है, जो शासन और प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आम जनता से इस दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की और प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *