
रानीगंज। भाजपा रानीगंज विधानसभा के अंतर्गत रानीगंज मंडल एक में बूथ विजय अभियान के तहत एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें मंडल के सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का स्पष्ट मंत्र दिया गया और जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर ज़ोर दिया गया। जिला महामंत्री काकोली घोष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जनता की समस्याओं को सुनना होगा और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।वही रानीगंज विधानसभा संयोजक दिनेश सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता प्राप्त करने का नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति और अस्मिता को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को दिन-रात जनता के बीच रहकर संघर्ष करना होगा। जनता इस बार पूरी तरह से भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है क्योंकि लोग तृणमूल कांग्रेस की सरकार से त्रस्त हैं।
उन्होंने आसनसोल नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है और कोई भी इसकी सुध लेने वाला नहीं है, जिससे जनता बेहाल है। बैठक में रानीगंज विधानसभा के इंचार्ज मृत्युंजय चंद, पर्यवेक्षक आशा शर्मा, शंकर साव, रबी केशरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
