सियालदह दक्षिण शाखा में ट्रेन के इंजन में आग, मगराहाट स्टेशन पर अफरा-तफरी

कोलकाता, 05 फ़रवरी । सियालदह दक्षिण शाखा के मगराहाट स्टेशन पर मंगलवार दोपहर एक ट्रेन के इंजन से धुआं और आग की चिंगारियां निकलते देख हड़कंप मच गया। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे सियालदह–डायमंड हार्बर डाउन ट्रेनो में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी ही थी और यात्री चढ़ने की जल्दबाजी में थे। इसी दौरान कुछ यात्रियों की नजर इंजन कोच पर पड़ी, जहां से धुआं निकल रहा था। देखते ही देखते आग की चिंगारियां दिखीं, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग घबराकर ट्रेन से उतरने लगे। तुरंत इसकी सूचना गार्ड को दी गई। सूचना पाकर रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से कुछ देर के लिए ट्रेन परिचालन रोक दिया गया। बाद में यात्रियों के लिए दूसरे प्लेटफॉर्म से वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई।
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों का प्रारंभिक अनुमान है कि इंजन कोच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है। मामले की जांच की जा रही है। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी गईं।
एक यात्री ने बताया कि मैं ट्रेन में चढ़ ही रहा था, तभी बाहर शोर सुनाई दिया। ट्रेन अभी रवाना नहीं हुई थी। पहले कुछ समझ नहीं आया, फिर आग जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद हम सभी डरकर तुरंत ट्रेन से नीचे उतर गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *