केंद्रीय बजट में बंगाल के साथ सौतेला रवैया : अभिषेक बनर्जी

कोलकाता, 01 फ़रवरी । तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने रविवार को केंद्रीय बजट को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर पश्चिम बंगाल के प्रति “सौतेला रवैया” अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार तय है और इसी बौखलाहट में केंद्र सरकार बंगाल की जनता को “सबक सिखाने” की कोशिश कर रही है।
संसद परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए डायमंड हार्बर से तीन बार के लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बंगाल में भाजपा हार रही है। इसी कारण वह सौतेले रवैये के जरिए राज्य की जनता को सबक सिखाना चाहती है। लेकिन लोकतंत्र में जनता ही जवाब देती है और आने वाले चुनावों में लोग भाजपा को करारा जवाब देंगे। यह जानकारी तृणमूल कांग्रेस के मीडिया सेल की ओर से जारी बयान में दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पश्चिम बंगाल को उसके वैध बकाये से वंचित रखा है। अभिषेक बनर्जी ने कहा, “हम पिछले पांच वर्षों से यह कह रहे हैं कि यदि केंद्र सरकार एक श्वेत पत्र जारी कर यह साबित कर दे कि 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद मनरेगा के तहत बंगाल के एक भी जॉब कार्डधारक को डीबीटी के माध्यम से राशि मिली है, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।”
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत, जिसमें केंद्र सरकार की 60 प्रतिशत हिस्सेदारी है, पिछले चार वर्षों में यदि यह साबित कर दिया जाए कि बंगाल के एक भी लाभार्थी को राशि मिली है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद केंद्र सरकार ने ग्राम सड़क योजना के तहत पश्चिम बंगाल को “एक पैसा तक नहीं दिया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *