महेशतला में दो समुदायों में झड़प, पुलिस पर पत्थरबाजी कई घायल

महेशतला, 11 जून । महेशतला में एक बार फिर दुकान लगाने को लेकर दो समुदायों में झड़प हो गई। इलाके में कई घरों में तोड़फोड़ की गई। रवींद्रनगर थाने के सामने एक बाइक में आग लगा दी गई। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। कई लोग घायल हो गए। हालात पर काबू पाने के लिए रैफ को तैनात किया गया।

बुधवार की सुबह अकरा संतोषपुर इलाके में फल की दुकान लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले कहासुनी हुई। बाद में यह मारपीट में बदल गया। दोनों गुटों के बीच उत्पात शुरू हो गया। इलाके में जमकर तोड़फोड़ शुरू हो गई। कई घरों की छतों से पत्थर फेंके गए। खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एडीजी दक्षिण बंगाल, डीआईजी प्रेसीडेंसी रेंज समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्मादी भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाए। पत्थरों की बारिश होने लगी। रवींद्रनगर थाने से सटे इलाके में एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रैफ तैनात के जवानों की तैनाती की गई। आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। हल्का लाठीचार्ज भी किया गया। हालांकि इसके बावजूद स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में नहीं आ पाई है। घटना में एक महिला पुलिस अधिकारी घायल हो गई। उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से स्थानीय लोग दहशत में हैं। इस दौरान मीडिया कर्मियों पर भी हमला किए जाने की खबर है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?