परेश अधिकारी के पूर्व सुरक्षा गार्ड के घर सीबीआई ने की छापेमारी

 

जलपाईगुड़ी, 08 मई । शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले में आरोपित राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री परेश अधिकारी के पूर्व सुरक्षा गार्ड पुलिसकर्मी दीपंकर दास के घर पर सीबीआई ने गुरुवार सुबह छापेमारी की। सीबीआई के अचानक पहुंचने से इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की एक टीम ने जलपाईगुड़ी शहर के रेसकोर्स पाड़ा में सुबह करीब सात बजे पुलिस अधिकारी दीपंकर दास के घर पर छापा मारा। दीपंकर दास वर्तमान में जलपाईगुड़ी जिला पुलिस में कार्यरत हैं। दीपंकर कभी पूर्व मंत्री परेश अधिकारी की सुरक्षा टीम के प्रभारी थे। गुरुवार को रेसकोर्स क्षेत्र में उनके घर को केंद्रीय जवानों ने घेर लिया। इसके बाद सीबीआई ने तलाशी शुरू की। पता चला है कि दीपंकर इस घर में नहीं बल्कि उनके पिता और बड़े भाई रहते हैं। पिता कनाईचंद्र दास कभी जलपाईगुड़ी पुलिस में कार्यरत थे। सीबीआई अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक घर की तलाशी ली। उन्होंने कई दस्तावेजों की जांच की। हालांकि, इस तलाशी अभियान का कारण स्पष्ट नहीं है। सीबीआई अधिकारियों ने भी कुछ स्पष्ट नहीं कहा। जांचकर्ताओं के अनुसार, उस घर की भी तलाशी ली जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री परेश अधिकारी का नाम शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार के मामले में आया था। आरोप है कि मंत्री की बेटी अंकिता अधिकारी को मेरिट लिस्ट में नाम न होने के बावजूद नौकरी मिल गई। बबीता सरकार नामक छात्रा ने मामला दर्ज कराया। बबीता का दावा है कि मंत्री की बेटी अंकिता अधिकारी के अंक उनसे कम थे। इसके बाद भी बबीता को नियुक्ति पत्र नहीं मिला। हाईकोर्ट के आदेश पर अंकिता को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा। सुप्रीम कोर्ट ने उस पूरे पैनल को रद्द कर दिया है। जांच एजेंसी ने भर्ती भ्रष्टाचार मामले में पार्थ चटर्जी के साथ परेश अधिकारी के खिलाफ भी आरोपपत्र दायर किया है। वह मामला अदालत में लंबित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *