चक्रवात दाना : सुंदरबन में दो दिन के लिए फेरी सेवाएं निलंबित

चक्रवात दाना के कारण सुंदरबन में फेरी सेवाएं निलंबित

कोलकाता, 24 अक्टूबर । चक्रवात ‘दाना’ के कारण पश्चिम बंगाल के सुंदरबन में गुरुवार और शुक्रवार को फेरी सेवाएं बंद कर दी गई हैं। यह क्षेत्र दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना जिलों में फैला है।

मौसम विभाग के अनुसार, ‘दाना’ गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह के बीच ओडिशा के भितरकनिका और धामरा के बीच तट से टकरा सकता है।

जिला प्रशासन ने बताया कि सुंदरबन का इलाका पहले भी ‘आइला’ और ‘अम्फान’ चक्रवातों से बुरी तरह प्रभावित हो चुका है। हालांकि, इस बार चक्रवात ‘दाना’ का प्रभाव उतना गंभीर नहीं होगा, फिर भी एहतियात के तौर पर फैरी सेवाओं को रोका गया है।

प्रशासन के अधिकारी तटबंधों की नियमित जांच कर रहे हैं। लोगों को इन तटबंधों पर जाने से रोका जा रहा है। द्वीपों में बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। इसके साथ ही राहत केंद्रों को सक्रिय कर दिया गया है।

दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई है। हवाओं की गति तेज है। कोलकाता में भी बारिश हुई, लेकिन बहुत हल्की।

दिघा और मंदारमणि के समुद्र तटों पर कुछ पर्यटक अभी भी मौजूद हैं। प्रशासन ने उन्हें जाने की सलाह दी थी, लेकिन कुछ लोग चक्रवात का अनुभव करने के लिए वहीं रुके हैं। अधिकारियों ने समुद्र तटों पर बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *