तेलंगाना के पूर्व सीएम के. चंद्रशेखर राव पर चुनाव आयोग का एक्शन, प्रचार पर लगा 48 घंटे का बैन

चुनाव आयोग ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने पर तेलंगाना के पूर्व सीएम और बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव को 48 घंटे के लिए प्रचार करने से रोक दिया है। अस्थायी रोक आज रात 8 बजे से शुरू होगी।

आयोग ने कांग्रेस नेता जी निरंजन द्वारा दायर एक शिकायत के आधार पर यह फैसला लिया, जिसमें बीआरएस नेता पर कांग्रेस के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था।

चुनाव आयोग ने एक बयान में कहा कि आयोग बीआरएस के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव को आदर्श आचार संहिता उल्लंघनों से जुड़े मामले के मद्देनजर उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिए गए विवादित बयान की कड़ी निंदा करता है। आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 324 का हवाला देते हुए के चंद्रशेखर राव को आज रात 8 बजे से 48 घंटे के लिए किसी भी सार्वजनिक बैठक, सार्वजनिक जुलूस, सार्वजनिक रैलियां, शो और साक्षात्कार, मीडिया (इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट, सोशल मीडिया) में सार्वजनिक भाषण देने से रोक दिया।

निर्वाचन आयोग ने कहा कि पांच अप्रैल को सिरसिल्ला में संवाददाता सम्मेलन में राव की टिप्पणी आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों और उसके परामर्श का उल्लंघन थी। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला के बाद, राव दूसरे नेता हैं जिन पर मौजूदा लोकसभा चुनाव में प्रचार करने पर 48 घंटे का प्रतिबंध लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *