अयोध्या की यात्रा अब और आसान होगी, श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी 200 बसें

रामनगरी के मुख्य स्नान पर्व वसंत पंचमी को श्रद्वालुओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम अयोध्या परिक्षेत्र की 200 बसें चलाई जाएंगी। बसों का संचालन सुनिश्चित करने के लिए रोडवेज के अफसर तैयारी में जुट गए हैं।

बसें मुख्य स्नान पर्व बसंत पंचमी 14 फरवरी को स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न पर्व के मद्देनजर नौ से 16 फरवरी तक बसों का संचालन होगा। बसंत पंचमी मेला- 2024 के मद्देनजर अयोध्या परिक्षेत्र की 200 बसें विभिन्न रूटों पर चलाई जाएंगी। इसमें अयोध्या डिपो की सभी 120 बसें तथा 80 बसें परिक्षेत्र के अन्य डिपो की संचालित की जाएंगी। बसों का संचालन गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच, बस्ती, गोरखपुर, अम्बेडकरनगर के लिए स्पेशल बसें चलाई जाएंगी।

अयोध्या के स्नान पर्व पर इन जिलों से भारी संख्या में श्रद्वालुओं को आवागमन होता है। इसलिए ऐसे जिलों से भारी संख्या में बसों की उपलब्धता रहेगी। इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी, आजमगढ़, लखनऊ व अन्य मार्गों के लिए भी बसें चलाई जाएंगी, लेकिन सबसे ज्यादा फोकस पड़ोसी जिलों पर होगा।

बसों के संचालन के लिए गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित साकेत पेट्रोल पंप के पास ओवरब्रिज के पास अस्थाई बस स्टेशन विकसित किया जाएगा। बस स्टेशन से बसों के संचालन के लिए रोडवेज के अफसर संग कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। वसंत पंचमी पर्व पर श्रद्वालुओं को आवागमन की बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए जिलाधिकारी नितीश कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन व अयोध्या डिपो के एआरएम आदित्य प्रकाश को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एआरएम आदित्य प्रकाश ने बताया कि बसंत पंचमी मेला की तैयारी चल रही है। श्रद्वालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में बसों को संचालन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?